उच्च न्यायालय के आदेश पर वक्फ की जमीन के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

ऊँचाहार, रायबरेली। उच्च न्यायालय के आदेश पर वक्फ की जमीन पर किये गए अवैध अतिक्रमण को वक्फ की अधिकारी की मौजूदगी में पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने हटवाने की कार्यवाही की है।

कस्बे के चौराहे के पास थाने रोड के बांयी ओर गाटा संख्या 3702 जिसका रकबा 14 बिस्वा है, वो वक्फ के नाम दर्ज है। वक्फ की मुतवल्ली तबस्सुम नकवी ने उच्च न्यायालय में दायर याचिका में बताया था कि कस्बे की रहने वाली रफीकुन निशा के नाम वक्फ की जमीन पर बने एक दुकान का आबंटन किया गया है, आरोप था कि उन्होंने अन्य खाली पड़ी जमीन में कोयले का भंडारण कर अवैध अतिक्रमण कर लिया, जिससे होने वाले प्रदूषण से अन्य दुकानदारों को भी समस्या हो रही है।

न्यायालय ने याचिका को संज्ञान में लेकर प्रशासन को अवैध कब्जे को हटवाने का आदेश दे दिया।

बुधवार को मुख्य वक्फ निरीक्षक अनीता कुमारी की मौजूदगी में पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने अवैध कब्जा हटवाया है। इस बाबत नायब तहसीलदार शंभू शरण पांडेय ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अवैध कब्जा हटवाया गया है।

——————————————

मिशन शक्ति नारी सशक्तिकरण फेज 0.5 के तहत छात्राओं को एक दिन के लिए बनाया गया अधिकारी

मिशन शक्ति

ऊँचाहार, रायबरेली। मिशन शक्ति नारी सशक्तिकरण फेज 0.5 के तहत बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रोहनिया की छात्रा लवी को खंड विकास अधिकारी कार्यालय में एक दिन का खंड विकास अधिकारी बनाया गया तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय धौरहरा की छात्रा शीला को खंड शिक्षा अधिकारी रोहनिया बनाया गया ।
एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी बनी शीला द्वारा अपने हस्ताक्षर से विकास क्षेत्र के समस्त विद्यालय को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के आवेदन को पूर्ण करने हेतु पत्र जारी किया गया । विकास क्षेत्र के समस्त विद्यालयों में एक-एक छात्रा को एक दिन का अधिकारी बनाया गया जिससे छात्राओं में सुरक्षा सम्मान व स्वावलंबन की भावना जागृत हुई एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी बनी शीला ने कहा कि मैं दुगने उत्साह से परिश्रम व पढ़ाई करुंगी जिससे भविष्य में किसी ऐसे पद पर बैठकर देश व समाज की सेवा कर सकूं, आज के कार्यक्रम से हमें बहुत ही ऊर्जा एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुई ।

खंड शिक्षा अधिकारी रोहनिया डॉक्टर सत्य प्रकाश यादव ने 1 दिन के लिए बनी खंड विकास अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया ।

—————————————-

मामूली विवाद में खूनी संघर्ष , चार घायल

ऊँचाहार, रायबरेली। मामूली बात पर गाँव में दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मामला कोतवाली क्षेत्र के पिपरहा मजरे ऊंचाहार देहात गाँव का है। गाँव की संगीता देवी का आरोप है। गाँव की महिला बेवजह गाली गलौज कर रही थी। मना करने पर दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई और जमकर लाठी डंडे चले। इस मारपीट में एक पक्ष संगीता देवी व उसकी बेटी शुभी 20 वर्ष घायल हो गई। जबकि दूसरे पक्ष से राजकुमारी 30 वर्ष व उसकी सास धमकी 60 वर्ष घायल हो गए। शुभी व उसकी मां घायल अवस्था में सीएचसी पहुंची जबकि दूसरे पक्ष के परिजन 60 वर्षीय धमकी और 30 वर्षीय राजकुमारी को घायल अवस्था में एम्बुलेंस से लेकर कोतवाली पहुंच गए।

कोतवाली में एम्बुलेंस के अन्दर घायलों को देखकर पुलिस के हाथपांव फुल गए। उन्हें आनन फानन मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया।

इस बाबत कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हुई है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button