पोषण योजनाओं की समीक्षा, सितंबर तक पोषण ट्रैकर पर 100% फीडिंग के निर्देश

गाजियाबाद। दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग, एनआरसी में संदर्भन, एनीमिया, ई-कवच और संभव 6.0 अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जुलाई 2026 में जिले में पोषण ट्रैकर पर वजन, लंबाई और ऊंचाई की 99.3 प्रतिशत फीडिंग हुई, जो जून की तुलना में 0.72 प्रतिशत अधिक है। मुख्य विकास अधिकारी ने सितंबर तक इसे 100 प्रतिशत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जुलाई माह में चिन्हित 352 सैम बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को बच्चों की नियमित जांच, वृद्धि निगरानी और पोषण पुनर्वास केंद्रों में जरूरत के अनुसार संदर्भित करने के निर्देश दिए गए। जुलाई में 31 बच्चों को एनआरसी भेजे जाने की जानकारी दी गई।
गर्भवती महिलाओं के वजन की निगरानी के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित गृह भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। वहीं ई-कवच पर बच्चों के फॉलोअप में कमी मिलने पर अधिकारियों को नाराजगी जताते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का काम समय से पूरा नहीं होने पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित विभाग को निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।



