भंडारा के साथ सम्पन्न हुआ सावन महोत्सव

भरथना,इटावा। भरथना नगर के जवाहर रोड स्थित मिडिल स्कूल मैदान में ओम नर्मदेश्वर महादेव एवं नवदुर्गा मंदिर में पिछले एक माह से चल रहा 36वां सावन महोत्सव रविवार को भंडारा-प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हो गया। महोत्सव के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
श्रीशंकर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित सावन महोत्सव के दौरान पूरे एक माह तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें शिव पुराण कथा, यज्ञ, भजन-कीर्तन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। कथा व धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सहभागिता की।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक वातावरण बना रहा। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। समापन पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्रीय लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान मंदिर के पुजारी पं.मुकेश दास दीक्षित,सोनी दीक्षित, गोपाल दीक्षित समेत श्री शंकर सेवा समिति के पदाधिकारी,सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



