कोटेदारों का लाभांश बढ़कर 125 प्रतिशत हुआ

सरकार ने 35 प्रतिशत बढ़ाया लाभांश,तहसील में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

जसवंतनगर,इटावा। उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को मॉडल तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कोटेदार और राशन विक्रेता मौजूद रहे। लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद कोटेदारों में खुशी की लहर दिखाई दी।

90 से बढ़कर 125 प्रतिशत हुआ लाभांश

कार्यक्रम के दौरान पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर ने बताया कि जसवंतनगर ब्लॉक क्षेत्र में करीब 80 उचित दर विक्रेता हैं। वहीं जसवंतनगर,बढ़पुरा और महेवा ब्लॉकों को मिलाकर करीब 190 कोटेदार राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उचित दर विक्रेताओं को 90 प्रतिशत लाभांश दिया जाता था। सरकार ने इसमें 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए लाभांश को अब 125 प्रतिशत कर दिया है।

आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद

पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि लाभांश बढ़ने से कोटेदारों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी। इससे राशन वितरण व्यवस्था को भी सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद कोटेदारों ने सरकार के फैसले पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बढ़ा हुआ लाभांश उनके लिए काफी राहत देने वाला है।

कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी इटावा, एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह,भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय कुमार,बिंदु यादव,मीडिया प्रभारी अभिषेक रामजी शुक्ला, विवेक मोना गुप्ता,दुर्वेश तोमर,गोविंद शर्मा सहित क्षेत्र के राशन विक्रेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button