समूह सखी महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने और स्थायी नियुक्ति की उठाई मांग

मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत काम करने वाली समूह सखी महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और उपायुक्त रोजगार को पत्र भेजा है। महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने और नौकरी से जुड़ी सुविधाएं देने की मांग की है।
पत्र में महिलाओं ने बताया कि वे वर्ष 2023 से समूह सखी के रूप में काम कर रही हैं। गांवों में महिलाओं के समूह बनवाने, पुराने समूहों का केवाईसी कराने, हर महीने बैठक कराने और सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने जैसी जिम्मेदारियां निभाती हैं। इसके अलावा चुनाव के समय एसआईआर से जुड़े कार्यों और फॉर्म भरवाने में भी सहयोग करती हैं। महिलाओं का कहना है कि इन सभी कामों के बदले उन्हें विकासखंड के माध्यम से मात्र 2,000 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। आज की महंगाई में इतनी कम रकम से परिवार चलाना मुश्किल है।
समूह सखी महिलाओं ने मांग की है कि उन्हें स्थायी किया जाए और नियुक्ति प्रमाण पत्र व परिचय पत्र जारी किया जाए। साथ ही 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, सुरक्षा बीमा, स्मार्टफोन और टैबलेट की सुविधा भी दी जाए। महिलाओं ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।



