नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

ऊँचाहार, रायबरेली। कस्बे के बस स्टैंड पर स्थानीय संस्था सृजन एक सोच द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस की मौजूदगी में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन कर सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आज के समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने वर्तमान समय में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड के तरीकों को बहुत ही सरल और जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।
उन्होंने दर्शकों को आगाह किया कि वे लॉटरी लगने या इनाम जीतने जैसे लुभावने प्रलोभन वाले अज्ञात लिंक (Link) पर भूलकर भी क्लिक न करें। इसके अलावा, पार्सल या कोरियर में ड्रग्स या अवैध सामान पकड़े जाने का डर दिखाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों (डिजिटल अरेस्ट और कोरियर फ्रॉड) के हथकंडों से भी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और नाटक दल ने विशेष तौर पर जोर देकर कहा कि कोई भी बैंक अधिकारी, कर्मचारी या प्रशासनिक अधिकारी कभी भी फोन पर ओटीपी (OTP), एटीएम पिन या पासवर्ड नहीं मांगता है। इसलिए अपनी गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी के साथ भी साझा न करें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने और अपनी ऑनलाइन प्रोफाइल को मजबूत व सुरक्षित रखने के उपाय भी बताए गए।
इस अनूठे और जनहितैषी जागरूकता अभियान को देखकर बस स्टैंड पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने गहरी रुचि दिखाई और नाटक की पूरी प्रस्तुति को सराहा। स्थानीय लोगों का मानना था कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और आम लोग ठगी का शिकार होने से बच जाते हैं। इस मौके पर उपनिरीक्षक सरोज सिंह ,एसआई अभिजीत मिश्रा,कांस्टेबल राजीव कुमार आदि लोग मौजूद रहे।



