आईएएमआर में ‘राग एंड रास’ की धूम, गरबा और डांडिया की थाप पर जमकर थिरके छात्र

गाजियाबाद। दुहाई स्थित आईएएमआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में एक दिवसीय सांस्कृतिक छात्र महोत्सव ‘राग एंड रास’ का भव्य आयोजन किया गया। लाइव म्यूजिकल जैमिंग, गरबा और महा-डांडिया रास की धुनों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर नृत्य किया। पारंपरिक परिधानों में सजे संस्थान परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों और युवा संगीतकारों द्वारा शास्त्रीय एवं आधुनिक धुनों की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों के साथ संकाय सदस्यों ने भी सामूहिक रूप से नृत्य कर कार्यक्रम का आनंद लिया। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
संस्थान की चेयरपर्सन अंशु बंसल ने कहा कि सांस्कृतिक महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने का बेहतर मंच हैं। ‘राग एंड रास’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है।
संस्थान के सचिव संजय बंसल ने कहा कि आईएएमआर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी कला और ऊर्जा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पी.के. वशिष्ठ ने कहा कि ‘राग एंड रास’ संस्थान की सांस्कृतिक एकता और जीवंतता का प्रतीक है। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम वर्क की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और प्रशासनिक स्टाफ की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। लाइव संगीत, रंग-बिरंगे परिधानों और गरबा-डांडिया की थाप ने पूरे परिसर को उत्साह और उमंग से भर दिया।


