भाजपा नेत्री का भतीजा गुजरात में लापता
अहमदाबाद के घोड़ासर क्षेत्र में रहकर कर रहा था पढ़ाई

जसवंतनगर,इटावा। भाजपा नेत्री उमा सागर का 23 वर्षीय भतीजा रजत गुजरात के अहमदाबाद में लापता हो गया। वह घोड़ासर क्षेत्र में रहकर आगे की पढ़ाई कर रहा था। बीती शाम घर से बाहर जाने के बाद उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है।
उतरई गांव निवासी भाजपा नेत्री उमा सागर के भाई बृजेश ने बताया कि उनके तीन भाई हैं। बीच वाले भाई अर्जुन सिंह अहमदाबाद में मूर्तियों से संबंधित कार्य करते हैं। अर्जुन सिंह का 23 वर्षीय पुत्र रजत सिंह अहमदाबाद के घोड़ासर क्षेत्र में रहकर ग्रेजुएशन के बाद आगे की पढ़ाई कर रहा है।
परिजनों के मुताबिक, रजत बीती शाम घर से बाहर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग भी उसकी तलाश में जुट गए।
रजत के चाचा बृजेश ने बताया कि भतीजे के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। वह अपने बड़े भाई और भाजपा नेत्री उमा सागर के साथ निजी वाहन से अहमदाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजन रजत की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।



