जनपदीय बैंड वादन प्रतियोगिता सम्पन्न
पाइप और ब्रास बैंड में जसवंतनगर-इटावा की टीमों ने मारी बाजी

जसवंतनगर,इटावा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसवंतनगर में सोमवार को जनपद स्तरीय स्कूल बैंड वादन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर बैंड वादन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पाइप बैंड वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्रास बैंड वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसवंतनगर की छात्राओं ने बाजी मारी। दोनों विजेता टीमें अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बैंड वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान खींचा। जीजीआईसी टीम के कोच रंजीत और डीपीएस टीम के कोच सूरज सिंह ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य प्रज्ञा ने अतिथियों का पुष्प भेंट कर और पटका पहनाकर स्वागत किया। जिला समन्वय अधिकारी रत्नेश सिंह, प्रधानाचार्य रीना यादव, हिमांशु यादव, संजीव कुमार और कमल किशोर कनौजिया समेत शिक्षक व अतिथि मौजूद रहे।
निर्णायक मंडल में सुघर सिंह इंटर कॉलेज के रंजीत सिंह चौधरी और जवाहर इंटर कॉलेज बुआपुर के मनोज यादव शामिल रहे। निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद दोनों वर्गों के परिणाम घोषित किए गए। विजेता टीमों की सफलता पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।



