दिल्ली धमाके से जिला प्रशासन हुआ अलर्ट

पुलिस,डॉग स्क्वायड व डिटेक्टर से रेलवे स्टेशन पर की गई सघन चेकिंग

इटावा। दिल्ली के लालकिले के पास कार में हुए धमाके के बाद प्रदेश स्तर पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शासन के निर्देश पर इटावा जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने संवेदनशील स्थलों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा समेत शहर के प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग की जा रही है। सोमवार रात करीब 9 बजे जिलाधिकारी शुभांत कुमार शुक्ल व एसएसपी बुजेश कुमार श्रीवास्तव स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने सड़क पर उतरे।

उनके साथ डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के व्यस्त बाजारों में घूमकर सुरक्षा हालात को परखा। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और वाहनों की गहन चेकिंग की गई।

रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की सहायता से ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों के सामान तक की तलाशी ली गई। डॉग स्क्वायड पूरे समय सक्रिय रहा। एसएसपी ने बताया कि दिल्ली में हुए धमाके के बाद इटावा में सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा बिना किसी ढिलाई के सुरक्षा मानकों का पालन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वहीं मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, सीओ जीआरपी उदय प्रताप सिंह, सीओ सिटी अभय नारायण राय समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Related Articles

Back to top button