मुरादनगर में 100 से अधिक महिला किसान सम्मानित
रबी उत्पादकता गोष्ठी में पराली प्रबंधन पर जोर, 11 किसानों को कृषि यंत्रीकरण योजना के प्रमाणपत्र मिले

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के तहत बुधवार को मुरादनगर में महिला किसान दिवस, जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी और पराली प्रबंधन जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का संदेश ‘समृद्ध महिला किसान, समृद्ध देश’ रहा। इस दौरान 100 से अधिक महिला किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि सखियों, महिला उद्यमियों और कृषि विभाग की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, कृषि यंत्रीकरण योजना के 11 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह ने की। उन्होंने महिला किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने की अपील की। ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी ने किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करते हुए इसकी शपथ दिलाई।
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुंदू ने खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर आय बढ़ाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में पांच किसानों को जैव कीटनाशी भी वितरित किए गए। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने रबी अभियान की तैयारियों और कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। जिला कृषि अधिकारी ने रबी फसलों की बुवाई के लिए खाद, बीज और उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी दी।
कृषि क्षेत्र में महिलाएं बना रहीं नई पहचान
कार्यक्रम में जिले की उन महिला किसानों की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया, जो खेती के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में काम कर रही हैं। डॉ. नीलम त्यागी मिलेट आधारित उत्पादों के किसान उत्पादक संगठन का संचालन कर रही हैं। डॉ. मीनाक्षी करवाल ने जैव उर्वरक निर्माण के लिए ‘भून्नति’ स्टार्टअप शुरू किया है। वहीं, अन्य महिला किसान मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन, डेयरी, फूलों और सब्जियों की खेती, सिंघाड़ा उत्पादन तथा जूट बैग निर्माण जैसे कार्यों से जुड़ी हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों की उपलब्धियों को पहचान देना, उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और कृषि क्षेत्र में उनकी भागीदारी व नेतृत्व को प्रोत्साहित करना रहा।



