PET परीक्षा केंद्र दूर आवंटित होने से अभ्यर्थी परेशान, गृह जनपद में केंद्र देने की मांग

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के गृह जनपद से 200 से 400 किलोमीटर दूर आवंटित किए जाने को लेकर राष्ट्रीय विद्यार्थी चेतना परिषद (RVCP) के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनोज यादव ने चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद या निकटवर्ती जनपदों में परीक्षा केंद्र आवंटित करने की मांग की है।

मनोज यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक पहुंचना अभ्यर्थियों के लिए आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानी का कारण बन रहा है। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को यात्रा, भोजन और ठहरने पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। वहीं, छात्राओं के लिए लंबी दूरी की यात्रा सुरक्षा की दृष्टि से भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

उन्होंने कहा कि दूर स्थित परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों को एक दिन पहले ही घर से निकलना पड़ता है। रेल और बस सेवाओं में भीड़ तथा परिवहन की अनिश्चितता से उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। परीक्षा केंद्र की दूरी के कारण किसी भी अभ्यर्थी की तैयारी और प्रदर्शन प्रभावित नहीं होना चाहिए।

मनोज यादव ने सरकार और संबंधित परीक्षा प्राधिकरण से मांग की कि परीक्षा केंद्र आवंटन में अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। यदि किसी कारणवश दूर के जनपदों में केंद्र आवंटित करना आवश्यक हो, तो परिवहन, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं के उचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें आर्थिक कमजोरी या केंद्र की अधिक दूरी युवाओं के रोजगार संबंधी अवसरों में बाधा न बने।

Related Articles

Back to top button