ग्यारह सौ कार्मिकों को मिलेगा योजना का लाभ
शिक्षा कार्मिकों को बांटे मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना कार्ड

भरथना,इटावा। भरथना ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) भरथना में बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षा विभाग के कार्मिकों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी काव्या सी.मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि गोपाल मोहन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा परिवार के लिए सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित नियमों के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उपजिलाधिकारी काव्या सी.ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से योजना की जानकारी लेकर उसका समुचित उपयोग करने की अपील की।
खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि विकासखंड भरथना के 545 अध्यापक,143 शिक्षामित्र,आठ अनुदेशक तथा लगभग 400 रसोइया इस योजना से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और सभी पात्र कार्मिकों को इसका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग और बैंक के बीच हुए एमओयू की जानकारी देते हुए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं एवं विशेष लाभों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पूरन पाल सिंह,आलोक बाबू,सलीम अशरफ,विष्णु कुमार,कुलदीप पोरवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक,शिक्षामित्र, अनुदेशक,रसोइया एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



