एनटीपीसी ने नैगम सामाजिक दायित्व के तहत बेरोजगार युवाओं को भेजा सीपेट संस्थान लखनऊ

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ने नैगम सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए आस पास के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से नए बैच को लखनऊ स्थित सीपेट संस्थान भेजा। दो दिवसीय दौरे पर आए क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) दिवाकर कौशिक ने हरी झंडी दिखा कर युवाओं को लेकर जाने वाली बस को रवाना किया तथा अपनी शुभ कामनाएं दी।
उन्होंने ऊंचाहार परियोजना के सीएसआर कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रधान जनों से नए सुझाव देने की अपील की ताकि सीएसआर के माध्यम से एनटीपीसी अपना उत्कृष्ट योगदान दे सके। इसके पहले परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने सभी का स्वागत किया तथा सीएसआर कार्यों पर प्रकाश डाला। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी द्वारा आसपास के अब तक 127 युवाओं को कौशल परीक्षण देकर उन्हें शत प्रतिशत रोजगार दिया है।
उन्होंने बताया कि साठ बच्चों के इस बैच में पैतालीस प्रतिशत बालिकाएं हैं, जो प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्राप्त करेंगी। इस प्रकार एनटीपीसी आसपास के बेरोजगारों के लिए वरदान साबित हो रही है। समारोह का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक स्नेहा त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव सहित ग्रामप्रधान एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे । सभी ने एनटीपीसी के कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।
—————————————-
अनियंत्रित होकर पलटा राख लदा डंफर, युवक की दर्दनाक मौत
ऊँचाहार, रायबरेली। सोमवार की देर रात क्षेत्र के पूरे करसेनी मजरे अरखा गांव के पास राख से लदा एक अनियंत्रित डंफर पलटने से खेत में सो रहे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। एनटीपीसी की अरखा ऐस डाईट से राख लादकर एक डंफ़र करसेनी गांव के रास्ते से गुजर रहा था। उसी दौरान गांव का निवासी अनिल कुमार पाल अपने खेतों की रखवाली के लिए वहां बने मचान पर सो रहा था। अचानक डंफ़र चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे डंफ़र सीधे खेत में जाकर पलट गया। दुर्भाग्यवश, अनिल कुमार पाल इस भारी-भरकम वाहन की चपेट में आ गए और दबने से उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक अनिल कुमार पाल की शादी तय हो चुकी थी और अप्रैल माह में उनके घर शहनाई गूंजने वाली थी। वह एनटीपीसी में एक दैनिक श्रमिक के रूप में काम करते थे और अपने परिवार का सहारा थे। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां शुरू होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
इस बाबत कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



