मथुरा में मिला गुमशुदा युवक, पुलिस ने माँ को सौंपा सकुशल

बेटा अन्नू को देख भावुक हुई मां

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर निवासी गीता देवी पत्नी विद्याराम द्वारा अपने 24 वर्षीय पुत्र अन्नू के गुम होने की सूचना 21 मई को थाना में दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया और युवक की तलाश शुरू कर दी।पुलिस टीम ने लगातार सुरागसी करते हुए संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की। इसी क्रम में रविवार को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और गुमशुदा युवक अन्नू को मथुरा से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद युवक को थाना जसवंतनगर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसकी मां गीता देवी को सुपुर्द कर दिया गया।

कई दिनों से बेटे की तलाश में परेशान मां अपने पुत्र को देखकर भावुक हो गईं। उन्होंने बेटे को गले लगाकर राहत महसूस की और पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने उनके परिवार की बहुत मदद की है।उन्होंने जसवंतनगर पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button