कुराश में इटावा के खिलाड़ियों का दबदबा
28 ने जीते स्वर्ण मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के जोधा सिंह इंटर कॉलेज हरकुपुर के तत्वावधान में गुरुवार को एक दिवसीय मंडल स्तरीय कुराश प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें इटावा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबदबा कायम रखा। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज और मेजबान जोधा सिंह इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में दमखम दिखाया। दोनों विद्यालयों के कुल 28 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किए। चयनित मंडल टीम 18,19 और 20 सितंबर को सहारनपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के सब जूनियर बालक वर्ग में सोम ने प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में शिवकांत और अंकुश ने स्वर्ण पदक जीते। सीनियर वर्ग में निखिल और राज सिंह प्रथम रहे। बालिका वर्ग के सब जूनियर में रुकसत और जूनियर वर्ग में खुशबू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार ने बताया कि जोधा सिंह इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 21 स्वर्ण पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में इटावा के अलावा फर्रुखाबाद और कानपुर नगर की टीमों ने भी प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुलायम सिंह इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनुज प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के समापन पर हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ.संजीव कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान सचिन यादव,देवेंद्र शाक्य,नरेंद्र सिंह, कौशलेंद्र यादव सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।



