दुबले-पतले बच्चों का वजन बढ़ाएगा ये ‘सीक्रेट लड्डू’, बिना चीनी-गुड़ के ऐसे बनाएं सुपर हेल्दी फूड

kids weight gain laddu: अगर आपका बच्चा खाने में नखरे करता है या उसका वजन उम्र के हिसाब से नहीं बढ़ रहा है तो घर में तैयार किए गए ड्राई फ्रूट लड्डू एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इनमें किसी तरह की चीनी या गुड़ का इस्तेमाल नहीं होता। इसके बावजूद ये शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाना भी आसान है और लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1.5 कप गेहूं का आटा
- 10 सूखे अंजीर
- 10 सूखी खुबानी
- 30 से 35 ममरा बादाम
- 8 से 9 छुहारे
- 1/4 कप + 1/4 कप घी
- 1/2 कप किशमिश
सबसे पहले करें अंजीर और खुबानी की तैयारी
अंजीर और खुबानी को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उन पर लगी धूल और गंदगी निकल जाए। इसके बाद इन्हें साफ पानी में कम से कम 2 से 3 घंटे के लिए भिगो दें। चाहें तो पूरी रात भी भिगो सकते हैं। जब ये अच्छी तरह नरम हो जाएं तब दोनों को साथ में पीसकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
बादाम और छुहारे का पाउडर तैयार करें
बादाम को धोकर सुखा लें। छुहारों के बीज निकालकर अलग कर दें। अब दोनों को अलग-अलग पीसकर हल्का महीन पाउडर बना लें। बहुत ज्यादा बारीक पीसना जरूरी नहीं है।
आटे को सही तरीके से भूनें
एक कड़ाही या पैन में थोड़ा घी गर्म करें। इसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। लगभग 15 से 20 मिनट बाद आटे का रंग सुनहरा हो जाएगा और खुशबू आने लगेगी। तब गैस बंद कर दें।
ऐसे बनाएं पौष्टिक लड्डू
दूसरे नॉन-स्टिक पैन में घी डालें। इसमें अंजीर और खुबानी का पेस्ट डालकर पकाएं। जब मिश्रण से घी अलग दिखाई देने लगे तब इसमें भुना हुआ आटा, बादाम का पाउडर और छुहारे का पाउडर मिला दें। सभी चीजों को करीब 5 मिनट तक अच्छी तरह पकाएं। आखिर में किशमिश डालकर मिला दें। मिश्रण थोड़ा ठंडा होने पर अपनी पसंद के आकार के लड्डू बना लें।
बच्चों को कब और कितना खिलाएं
तैयार लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर करें। खिलाने से लगभग 15 मिनट पहले बाहर निकाल लें। 5 साल से बड़े बच्चे को रोज एक लड्डू दिया जा सकता है। इससे छोटे बच्चों के लिए आधा लड्डू पर्याप्त है। ध्यान रखें कि इसे खाली पेट न खिलाएं।
जिसे आप मामूली चाय समझ रहे हैं, डॉक्टर की बताई ये 2 चीजें उसे बना देंगी ‘अमृत’
क्या हैं इसके फायदे
इन लड्डुओं में अतिरिक्त चीनी या गुड़ नहीं डाला जाता इसलिए यह अपेक्षाकृत हेल्दी विकल्प माना जाता है। अंजीर, खुबानी, बादाम, छुहारा और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स शरीर को आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करते हैं। वहीं गेहूं का आटा पेट भरने के साथ ऊर्जा भी देता है। नियमित और संतुलित मात्रा में सेवन करने से बच्चों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिल सकती है।



