मंडल स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में जोधा सिंह का दबदबा

21 स्वर्ण पदक जीतकर हरकूपुर ने मंडल में हासिल किया प्रथम स्थान

जसवंतनगर,इटावा। श्री जोधा सिंह इंटर कॉलेज, हरकुपुर के तत्वावधान में एक दिवसीय मंडल स्तरीय कुराश प्रतियोगिता का भव्य आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर, इटावा, फर्रुखाबाद समेत विभिन्न जनपदों के विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार के संयोजन में आयोजित उक्त प्रतियोगिता का शुभारंभ मुलायम सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनुज प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन,आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। क्रीड़ाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु और भार वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया तथा मुकाबले उत्साहपूर्ण रहे। विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोचक बनाया।

प्रतियोगिता में श्री जोधा सिंह इंटर कॉलेज, हरकुपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विद्यालय ने मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा तथा उपस्थित लोगों ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव कुमार,सचिन यादव, देवेंद्री शाक्य,नरेंद्र सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों एवं आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button