जनसुनवाई में डीएम ने गंभीरता से सुनीं लोगों की समस्याएं

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंपते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान भूमि कब्जा, राजस्व विवाद, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड और जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम एल/ए अवनीश सिंह, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



