बदले मौसम से गर्मी से मिली राहत: झूम कर बरसे बदरा
रेलवे स्टेशन के टिकट घर में घुसा पानी,कई मोहल्लों की सड़कें गलियां बनीं तालाब

भरथना,इटावा। भरथना में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। आसमान में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई।
अचानक हुई बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं राहगीरों को भीगने से बचने के लिए इधर-उधर ठिकाना तलाशते देखा गया। करीब कुछ देर तक हुई तेज बारिश का असर कस्बे के बाजारों पर भी दिखाई दिया। दुकानदारों ने बारिश से बचाव के लिए सामान समेट लिया, जबकि सड़कों पर भी आवाजाही कम हो गई। बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया। जरूरी काम से निकले लोग बारिश थमने का इंतजार करते दिखाई दिए।
बारिश के चलते कस्बे के कई मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सरोजनी रोड, मोतीगंज, इंद्रा नगर, गांधी नगर और कल्याण नगर समेत कई इलाकों में सड़क पर पानी भर गया। कई जगह लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। निचले स्थानों पर पानी अधिक भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। भरथना रेलवे स्टेशन पर भी बारिश का असर देखने को मिला। स्टेशन के टिकट घर में बारिश का पानी भर गया। इससे टिकट लेने आने वाले यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने किसी तरह पानी से बचते हुए आवागमन किया।
बारिश के बाद कस्बे में जलनिकासी व्यवस्था की भी पोल खुलती नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या सामने आती है। पानी की निकासी ठीक से नहीं होने के कारण सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। इससे राहगीरों के साथ स्थानीय दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।
हालांकि बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। कई लोगों ने मौसम बदलने के बाद राहत की सांस ली। वहीं, अचानक हुई बारिश ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए।



