अगर एसआईआर सूची में नहीं हैं नाम, तो आपत्ति करें मतदाता : इं0 वीरेन्द्र यादव

मतदाताओं के नाम को जोड़ने में मदद करें समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता

रायबरेली। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शुक्रवार को निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया के तहत लिस्ट जारी किया है। इस लिस्ट में अलग-अलग जिलों से दो करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। वहीं जिले में भी विभिन्न विधानसभाओं को मिलाकर लाखों मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। मतदाताओं के नाम वाजिब काटे गए है या फिर राजनैतिक कारणों से, इसकी तह तक जाने का प्रयास समाजवादी पार्टी करेगी। जिले में पार्टी के पदाधिकारियों को हाईकमान के आदेश का इंतजार है।

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची का बहुप्रतिक्षित प्रकाशन शुक्रवार किया गया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण हेतु समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार रायबरेली जनपद के प्रत्येक बूथ से लेकर जनपद स्तर तक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई है।

अब मतदाता की सूची को प्रकाशित किया जा चुका हैं और अब पार्टी की तरफ से राज्य निर्वाचन आयोग और भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से प्राप्त मतदाता सूचियों का बूथों पर कार्यकर्ताओं से सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर खामियाँ मिलती हैं तो फिर हमारे कार्यकर्ताओं की तरफ से मतदाता से मिलकर आगामी पंद्रह दिनों में आपत्तियाँ दाखिल कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की तरफ से बहुत जगहों पर दबाव डालकर मतदाताओं का नाम सूची में से काटा गया है। अब ऐसे मतदाताओं की पहचान गांवों में कार्यरत बीएलए के माध्यम से व कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराई जाएंगी। उन्होंने कहा वर्ष 2027 में पीडीए की सरकार आ रही है। ऐसे में वर्तमान सरकार ने पीडीए विचारधारा वाले मतदाताओं के नाम अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से चिन्हित कराकर सरकारी मशीनरी का अवश्य दुरुपयोग किया होगा। उन्होंने कहा राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश स्तर से जैसा भी आदेश होगा उसका पूरा पालन कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की जांच के बाद पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।

Related Articles

Back to top button