नकसीर फूटने पर तुरंत अपनाएं डॉक्टर के बताए ये स्टेप्स, पानी की तरह बहता खून तुरंत रुकेगा

First Aid nosebleed: गर्मियों में अक्सर लोग नाक से खून आने की परेशानी का सामना करते हैं। तेज धूप, गर्म खाने-पीने या लंबे समय तक एसी में रहने से नाक के अंदर की त्वचा सूख जाती है और रक्त वाहिकाएं कमजोर हो सकती हैं। इससे अचानक नाक से खून निकलना आम बात हो जाती है। ऐसे समय पर घबराना जरूरी नहीं है, बल्कि सही उपाय करना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
नकसीर के पीछे का कारण
नोएडा की फिजिशियन डॉक्टर स्वाति चौहान बताती हैं कि गर्म मौसम में नाक की नाजुक परतें सुख जाती हैं। कभी-कभी हाई ब्लड प्रेशर या नाक की लाइनिंग में सूजन भी रक्तस्राव का कारण बनती है। जब नाक की रक्त वाहिकाएं टूटती हैं तो खून आने लगता है।
नाक से खून आने पर तुरंत करें ये कदम
1. सिर का सही स्थान:
ज्यादा चलने या भागने के बजाय एक जगह बैठ जाएं और सिर को हल्का पीछे की ओर झुकाएं। आप सीधे लेट भी सकते हैं। इससे खून आने की गति धीमी हो जाती है।
2. नाक की बजाय मुंह से सांस लें:
नाक से खून निकल रहा है तो नाक से सांस लेने की कोशिश न करें। मुंह से सांस लेने से नाक को आराम मिलता है और ब्लीडिंग कम होती है।
3. नाक को दबाएं:
अगर खून बंद न हो तो नाक को आगे की ओर हल्का दबाएं। इससे नाक के अंदर दबाव बनता है और ब्लीडिंग रुकने लगती है।
4. ठंडक लगाएं:
बर्फ का टुकड़ा कॉटन में लपेटकर नाक और उसके आसपास रखें। इससे नाक की सूजन कम होती है और खून रुकने में मदद मिलती है।
सावधान! डिनर के तुरंत बाद की गई ये गलतियां आपको दे सकती है ताउम्र की बीमारियां
बचाव के आसान उपाय
डॉ. चौहान के अनुसार, गर्मियों में ज्यादा मसालेदार या तला-भुना खाना खाने से बचें। अत्यधिक गर्म या ठंडी जगहों पर लंबे समय तक न रहें। नॉर्मल तापमान में रहना नाक के स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। बच्चों में भी यही कदम अपनाएं। यदि खून लंबे समय तक नहीं रुकता तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।



