डॉ. रुचि गर्ग को मिला दिल्ली स्टेट लेवल टीचिंग अवॉर्ड
शिक्षा और संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया सम्मानित

गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित शिक्षक महाकुंभ स्टेट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026 समारोह में इंदिरापुरम निवासी एवं सर्वोदय कन्या विद्यालय, पटपड़गंज की संगीत प्रवक्ता डॉ. रुचि गर्ग को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
सम्मान के रूप में डॉ. रुचि गर्ग को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, सिल्वर मेडल, शॉल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। यह उपलब्धि उनके 18 वर्षों के शिक्षण, शोध एवं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है।
डॉ. रुचि गर्ग पिछले 18 वर्षों से सर्वोदय कन्या विद्यालय, पटपड़गंज में संगीत प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा वह निबंध लेखन, गायन एवं भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।
संगीत के क्षेत्र में भी डॉ. रुचि गर्ग की सक्रिय भूमिका रही है। वह विभिन्न संस्थानों के साथ-साथ दिल्ली के जोनल एवं डिस्ट्रिक्ट स्तर पर आयोजित संगीत प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभा चुकी हैं। संगीत विषय में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने के लिए उन्हें दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा भी दो बार सम्मानित किया जा चुका है।
वर्ष 2026 में उन्होंने अपने विद्यालय में सीबीएसई सेंटर सुपरिटेंडेंट की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभाई। विद्यार्थी जीवन में भी उनकी उपलब्धियां उल्लेखनीय रही हैं। वह विश्वविद्यालय टॉपर रह चुकी हैं तथा कॉलेज में बीए और एमए की पढ़ाई के दौरान उन्हें ‘बेस्ट स्टूडेंट’ और ‘बेस्ट स्पीकर’ जैसे सम्मान प्राप्त हुए।
डॉ. रुचि गर्ग अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती तेजस्विता तिवारी और अपने जीवनसाथी श्री शुद्धोधन अग्रवाल को देती हैं। उनका कहना है कि दोनों ने उन्हें निरंतर सही मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन दिया, जिससे वह अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकीं।
डॉ. रुचि गर्ग वर्तमान में इंदिरापुरम में रहती हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मोदीनगर और गाजियाबाद के विभिन्न विद्यालयों से प्राप्त की है। उनके सम्मान से शिक्षण एवं संगीत जगत से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।



