पूर्व बार अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर अधिवक्ताओं में रोष, किया प्रदर्शन
एकजुट होकर अधिवक्ताओं ने किया पुलिसिया कार्यवाही का विरोध

रायबरेली। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भदौरिया के खिलाफ मुकदमा लिखे जाने को लेकर अधिवक्ताओं ने रोष जताते हुए मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की है। सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं ने एक जुट होकर न्यायालय परिसर के बाहर आकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अधिवक्ता गोविन्द सिंह चौहान ने कहा कि अधिवक्ता वादकारियों की उम्मीद होती है अगर अधिवक्ताओं पर मुकदमा करके उन्हें डराने का प्रयास किया जाएगा तो वादकारियों की आस टूट जाएगी और इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिवक्ता अखिलेश माही ने कहा कि पूर्व बार अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा लिखा जाना अत्यंत निंदनीय है और हम सभी अधिवक्ता इसका पुरजोर विरोध करते हैं और अगर प्रशासन मुकदमा वापस नहीं लेता है तो हम सभी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस ने दिखाया दोहरा मापदंड : सुरेंद्र सिंह भदौरिया
अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि मेरी नामजदगी गलत है और यदि किसी सम्मानित अधिवक्ता के खिलाफ कोई शिकायत होती है तो पुलिस मामले को पहले बार के संज्ञान में लाती है और जाँच के बाद ही मुकदमा पंजीकृत किया जाता है यहाँ तक कि किसी आम आदमी के खिलाफ भी कोई शिकायत होती है तो मुकदमा लिखने से पहले पुलिस जाँच करती है लेकिन इस मामले ने बिना किसी जांच के सीधे मुकदमा लिख दिया है यह पुलिस का दोहरा मापदंड है और इसी बात को लेकर सभी अधिवक्ताओं में रोष है।




