17 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव का जन्मदिवस

गाजियाबाद। सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) के पार्टी कार्यालय पर प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव के जन्मदिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कार्ययोजना एवं समन्वय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 17 सितंबर को आयोजित होने वाले जन्मदिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की शुरुआत पार्टी के संस्थापक सत्येंद्र यादव ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव का जन्म 17 सितंबर 1951 को हुआ था। यदि वे आज जीवित होते तो 75 वर्ष के होते। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके जन्मदिवस को भव्य एवं यादगार तरीके से मनाना चाहती है, इसलिए आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में सुभास पार्टी के मुरादनगर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोज शर्मा होदिया ने कहा कि स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव आज भी हम सभी के दिलों में बसते हैं। उनके जन्मदिवस को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्वांचल से जुड़े विभिन्न संगठन भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
विश्व भोजपुरी सम्मेलन गाजियाबाद इकाई के महामंत्री जेपी द्विवेदी ने कहा कि स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव ने भोजपुरी भाषा को विश्व स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भोजपुरी के विकास और प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनका जन्मदिवस भव्य रूप से मनाया जाना चाहिए।
पूर्वांचल भोजपुरी महासभा के संरक्षक जेपी यादव ने भी स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव के भोजपुरी भाषा के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अशोक श्रीवास्तव पूर्वांचल के लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते थे और उन्हें पूर्वांचल के लोगों के दिलों का सम्राट कहा।
पार्टी के महानगर अध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव का पूरा जीवन दूसरों की सहायता और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया और जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता की। कार्यकर्ताओं के बीच उनके प्रति आज भी विशेष सम्मान और प्रेम है। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रथम कर्तव्य है। अशोक श्रीवास्तव अपने कार्यों के कारण अमर हो चुके हैं और सदैव पार्टी कार्यकर्ताओं के दिलों में जीवित रहेंगे।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जलपान ग्रहण किया।
इस अवसर पर दीनानाथ मिश्रा, शांति झा, शिव मोहन सिंह, विजय सिंह, अनिल श्रीवास्तव, आशुतोष सिन्हा, रामनरेश ठाकुर, कमल यादव, शैलेंद्र श्रीवास्तव, दिग्विजय सिंह, हरिशंकर वर्मा, अनिल सिंह, आरपी शुक्ला, संजय श्रीवास्तव, गिरीश मिश्रा, महेश पांडे, लल्लन, सुजीत तिवारी, विनोद अकेला, प्रभाशंकर सिंह, कृष्ण मोहन झा, राजेंद्र यादव, दीपक वर्मा, रिंकू, विकास, शैलेश शर्मा, हरि ओम शर्मा एवं सेठ साहब सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



