राज एम्पायर सोसाइटी में कुत्ते को लेकर विवाद, बाहरी लोगों के पहुंचने से तनाव
निवासियों ने किराएदार पर बाहरी लोगों को बुलाकर मारपीट कराने का लगाया आरोप, सैकड़ों लोग हुए एकत्र

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राज एम्पायर सोसाइटी में कुत्ते को लेकर विवाद बढ़ने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सोसाइटी के निवासियों ने आरोप लगाया कि कुत्ता पालने वाले एक किराएदार ने बाहर से दर्जनों लोगों को बुलाया, जिसके बाद सोसाइटी के कुछ निवासियों के साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद सोसाइटी में हंगामा मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों निवासी एकत्र हो गए। निवासियों का आरोप है कि बाहर से आए लोगों ने सोसाइटी के लोगों को धमकाया, जिसके कारण सुरक्षा को लेकर लोगों में आक्रोश और भय का माहौल बन गया।
निवासियों का कहना है कि सोसाइटी के विवाद में बाहरी लोगों को बुलाकर दबाव बनाने और धमकी देने की घटना गंभीर है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बाहरी लोगों की भूमिका की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट, धमकी और बाहरी लोगों को बुलाने संबंधी आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सोसाइटी में बड़ी संख्या में निवासी एकत्र हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



