खफा सभासद प्रतिनिधि मंडल ने शिवपाल से की भेंट

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद में कर्मचारियों के वेतन, नगर विकास कार्यों तथा वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर पिछले दिनों सभासदों द्वारा नगर पालिका कार्यालय पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया था। इसी क्रम में सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव से चौ.चरण सिंह विधि महाविद्यालय हैंवरा में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने सभासदों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए सभी मांगों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि हाल ही में नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक कोरम के अभाव में स्थगित करनी पड़ी थी। बैठक में बजट सहित विभिन्न विकास प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी थी। पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार के अनुसार 25 सभासदों में से केवल 14 सभासद उपस्थित हुए थे, जिसके चलते कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी थी। सभासद राजीव यादव के अनुसार 13 सभासदों ने बहिष्कार किया था 12 सभासद ही बैठक में उपस्थित रहे थे। अब आगामी 25 मई को पुनः बोर्ड बैठक बुलाई गई है, जिसमें बजट और विकास योजनाओं पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
पिछले कुछ समय से नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। कई सभासदों ने पालिका प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने तथा उनके वार्डों में विकास कार्यों की उपेक्षा करने के आरोप लगाए थे। इसी नाराजगी के चलते सभासदों ने पहले विरोध प्रदर्शन किया और अब विधायक से मिलकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हाजी समीम, वरिष्ठ सभासद राजीव यादव, प्रमोद कुमार, कमल प्रकाश, मोहम्मद इरफ़ान कुरैशी, संजय कुमार, संजीव यादव, अंकित कुमार, देवेन्द्र यादव, मंजू देवी तथा सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य, राम खिलाड़ी यादव, मोनू शर्मा, सुमित गिहार आदि लोग मौजूद रहे।


