सिद्धपीठ देवी मंदिर में मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना, यज्ञ में श्रद्धालुओं ने दी आहुति

गाजियाबाद। शारदीय नवरात्रि के छठे दिन शुक्रवार को गाजियाबाद स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ देवी मंदिर में मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि के आशीर्वाद और सानिध्य में मंदिर में नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूजा-अर्चना के साथ यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर मां भगवती का आशीर्वाद मांगा।
देवी मंदिर के महंत गिरिशानन्द गिरि ने प्रातःकाल मां भगवती की आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार मां कात्यायनी शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से भक्तों को कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। नवरात्रि के चलते मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। भक्त पूजा-अर्चना, आरती और यज्ञ में शामिल होकर मां भगवती की आराधना कर रहे हैं।



