नगर पालिका परिषद जसवंतनगर को मिली डेढ़ करोड़ सहायता
कर्मचारियों का 5 माह से रुका वेतन का इंतजार हुआ खत्म

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद जसवंतनगर के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने पालिका को 1 करोड़ 41 लाख 36 हजार 371 रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस राशि से कर्मचारियों का लंबित वेतन और पेंशन का भुगतान किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने बताया कि पालिका की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कर्मचारियों का वेतन एवं पेंशन पिछले चार- पांच माह से लंबित था। इस संबंध में शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव की संस्तुति के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह धनराशि जारी की है। स्वीकृत राशि प्राप्त होने के बाद सबसे पहले कर्मचारियों के लगभग तीन माह के लंबित वेतन का भुगतान किया जाएगा।
धनराशि स्वीकृत होने की सूचना मिलते ही नगर पालिका कर्मचारियों और पेंशनरों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके खातों में वेतन और पेंशन की राशि पहुंच जाएगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी।



