कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को रिहा करने की मांग, शुरू हुआ सेवा सत्याग्रह

लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के रिहाई की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसके लिए कांग्रेस ने अब ‘सेवा सत्याग्रह‘ की शुरुआत की है।

कांग्रेस का सेवा सत्याग्रह

कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि- गांधीजी ने हमें सिखाया कि दमन करने वाले आपको अच्छे काम करने से रोकेंगे। आप सत्य के आग्रह के साथ अपने कर्म पर डटे रहिए। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू जी को सेवा करने के लिए जेल में डाला गया।

सेवा सत्याग्रह के जरिए हम इस दमन का विरोध कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनोज यादव ने कहा कि अजय कुमार लल्लू जी को सेवा और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के कारण गरीब विरोधी योगी सरकार ने जेल में डाला दिया है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव विकास श्रीवास्तव ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि- ‘सेवा की होगी विजय,हम सबमें लल्लू अजय’।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा है- उत्तरप्रदेश की जनता कोरोना संकट में जनसेवा कर रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए राष्ट्रपति से मांग कर रही है।

 

गौरतलब है कि 20 मई को लल्लू को आगरा में अवैध रूप से धरना-प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्हें इस मामले में उसी रोज जमानत मिल गई थी। लेकिन इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। लल्लू पर बसों के कागजात में फर्जीवाड़े का आरोप है।

Related Articles

Back to top button