दिवाली लुक पर करीना कपूर की बढ़ीं मुश्किलें: गले में पहना पवित्र आयत वाला पेंडेंट, भेजा गया लीगल नोटिस!

Kareena Kapoor Diwali look controversy: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करीना कपूर खान अपने दिवाली फैशन लुक को लेकर गंभीर विवादों के घेरे में आ गई हैं। त्योहार के मौके पर उनके द्वारा पहने गए एक बेहद दुर्लभ और ऐतिहासिक पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’ उकेरी होने की बात सामने आने के बाद उन्हें कानूनी नोटिस भेज दिया गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज और मुस्लिम समुदाय के कई नुमाइंदों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। हालांकि, चौतरफा उठ रहे सवालों और शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया के बावजूद अब तक इस मामले पर करीना कपूर या उनके प्रतिनिधि की ओर से कोई आधिकारिक सफाई या बयान सामने नहीं आया है।
दरअसल, करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर अपने दिवाली सेलिब्रेशन की कुछ बेहद खास तस्वीरें साझा की थीं, जिसमें वह मशहूर फैशन डिजाइनर पुनीत बलाना के तैयार किए गए बेज शेड के शाही कफ्तान में नजर आ रही थीं। इस परिधान के साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी बांधी थी, जिस पर 200 साल पुरानी एक ऐतिहासिक कलगी सजी हुई थी। यह वही खानदानी कलगी थी जिसे अभिनेता सैफ अली खान ने साल 2012 में करीना के साथ अपने निकाह के वक्त सिर पर सजाया था। लेकिन पूरे विवाद की जड़ वह 30 कैरेट का पन्ना (एमराल्ड) पेंडेंट बना, जिसे उन्होंने अपने गले में पहना हुआ था।
इस आभूषण का सच तब सामने आया जब करीना की सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इंस्टाग्राम पर लुक का ब्योरा साझा किया। रिया ने बताया कि करीना ने चांदी के कफ्तान और पगड़ी के साथ भोपाल के नवाब की 200 साल पुरानी कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पेंडेंट पहना है, जिस पर पवित्र कुरान के दूसरे अध्याय सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत यानी ‘आयतुल कुर्सी’ खुदी हुई है। करीना ने इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था कि ‘दिवाली का मतलब है परंपराओं को सही तरीके से निभाना।’
पहले सोमवार को ₹100 करोड़ कमाने वाली पहली फिल्म! रणबीर-यश की ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा नया इतिहास!
यह शाही जेवरात पटौदी परिवार की पुश्तैनी मिल्कियत हैं। सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं और इसी शाही रिश्ते के जरिए भोपाल रियासत की यह बेमिसाल धरोहर सैफ के परिवार तक पहुंची। गौरतलब है कि सैफ अली खान ने 1991 में अमृता सिंह से निकाह किया था और 2004 में उनके अलग होने के बाद, 2012 में करीना कपूर के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। अब दिवाली जैसे पावन पर्व पर कुरान की आयत वाला पेंडेंट पहनने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद कानूनी चौखट तक पहुंच गया है और सोशल मीडिया से लेकर सियासी हलकों में गर्माया हुआ है।



