छठ पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी ग्रामीण ने गंग नहर घाटों का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरियर, रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग के निर्देश, घाटों पर गोताखोरों की होगी तैनाती

गाजियाबाद। भैया दूज एवं आगामी छठ पूजा पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने एसीपी मसूरी और थाना अध्यक्ष मुरादनगर के साथ मुरादनगर क्षेत्र स्थित गंग नहर एवं आसपास के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए घाटों और आसपास के मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रमुख स्थानों पर पुलिस बैरियर लगाने और सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही छठ पूजा के दौरान अर्घ्य देने आने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की समय से तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
डीसीपी ग्रामीण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में छठ पूजा संपन्न कर सकें।



