प्यूरीफायर, पौधे या बंद कमरे… जहरीली हवा से फेफड़ों को बचाने का असली फॉर्मूला क्या है

how to clean indoor air during pollution: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग और जहरीली हवा का शिकंजा कसने लगता है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंचते ही लोग सांसों की सुरक्षा के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं। कोई खिड़की-दरवाजे सील कर लेता है, कोई एयर प्यूरीफायर चालू रखता है, तो कोई हवा शुद्ध करने के दावे वाले इनडोर प्लांट्स लगा लेता है। लेकिन सवाल उठता है कि क्या ये तरीके वास्तव में फेफड़ों तक पहुंचने वाले जहरीले धुएं से हमें बचा पाते हैं? गुरुग्राम स्थित सीके बिरला हॉस्पिटल में पल्मोनोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप कुमार ग्रोवर के अनुसार, सही वैज्ञानिक उपायों और घरेलू सावधानियों के संतुलन से ही इनडोर हवा को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

बाजार में बिकने वाले एयर प्यूरीफायर की उपयोगिता पर डॉ. ग्रोवर बताते हैं कि एक सही एयर प्यूरीफायर कमरे की हवा से फेफड़ों में गहराई तक समा जाने वाले अति-सूक्ष्म पीएम 2.5 कणों को प्रभावी ढंग से सोख सकता है। प्यूरीफायर चुनते समय तीन तकनीकी बिंदुओं पर ध्यान देना जरूरी है: पहला, डिवाइस में मेडिकल-ग्रेड ‘ट्रू हेपा (True HEPA) फिल्टर’ लगा हो; दूसरा, मशीन की क्षमता कमरे के कुल क्षेत्रफल के अनुरूप हो; और तीसरा, उसका क्लीन एयर डिलीवरी रेट (CADR) बेहतर हो ताकि वह तेजी से हवा को सर्कुलेट और फिल्टर कर सके। क्षमता से छोटे प्यूरीफायर बड़े कमरों में असरहीन साबित होते हैं।

वहीं स्नेक प्लांट, मनी प्लांट और एरिका पाम जैसे इनडोर पौधों को लेकर आम धारणा है कि वे घर की हवा पूरी तरह शुद्ध कर देते हैं। डॉक्टर के मुताबिक यह आधा सच है। प्रयोगशाला परीक्षणों में भले ही कुछ पौधे सीमित रासायनिक टॉक्सिन्स घटाते दिखे हों, लेकिन आम घरों के वास्तविक माहौल में ये पीएम 2.5 जैसे घातक सूक्ष्म कणों को खत्म करने में सक्षम नहीं हैं। इसलिए पौधे घर की सुंदरता और मानसिक सुकून के लिए जरूर लगाएं, लेकिन गंभीर प्रदूषण के दौरान इन्हें एयर प्यूरीफायर का विकल्प मानने की भूल न करें।

अक्सर लोग प्रदूषण से बचने के लिए दिन-रात खिड़की-दरवाजे बंद रखते हैं, जो दूसरी बड़ी मुसीबत बन सकता है। घर के अंदर कुकिंग से निकलने वाला तेल-मसाले का धुआं, अगरबत्ती, धूपबत्ती, मॉस्किटो कॉइल और केमिकल क्लीनर्स मिलकर ‘इनडोर एयर पॉल्यूशन’ का खतरनाक स्तर बना देते हैं। वेंटिलेशन न होने पर ये कण कमरे में ही ट्रैप हो जाते हैं। इसलिए जब दिन के समय बाहर का एक्यूआई तुलनात्मक रूप से थोड़ा बेहतर हो, तब कुछ देर खिड़कियां खोलकर क्रॉस-वेंटिलेशन जरूर करें और खाना बनाते समय किचन एग्जॉस्ट फैन चालू रखें।

लैपटॉप और कंप्यूटर कीबोर्ड पर ‘F’ और ‘J’ कीज़ पर आड़ी लकीरें क्यों होती हैं, जानें क्या है इनका काम

प्रदूषण से फेफड़ों को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टर पांच ठोस कदम उठाने की सलाह देते हैं: बहुत जरूरी न हो तो अत्यधिक प्रदूषण वाले घंटों में बाहर निकलने और आउटडोर वर्कआउट से बचें; पीक आवर्स में खिड़कियां बंद रखें और एक्यूआई सुधरने पर ही वेंटिलेशन करें; कमरे के साइज के हिसाब से ट्रू हेपा फिल्टर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें; घर के भीतर मोमबत्ती, अगरबत्ती और कॉइल जलाने से पूरी तरह परहेज करें; और बाहर निकलते समय चेहरे पर अच्छी फिटिंग वाला एन-95 (N95) मास्क जरूर लगाएं।

Related Articles

Back to top button