जानें बाल धोने से कितनी देर पहले लगाना चाहिए तेल, वरना झड़ जाएंगे सिर के सारे बाल

Hair Oiling Tips: बालों की सेहत और उनकी देखभाल को लेकर हर इंसान के अपने अलग नुस्खे और तरीके होते हैं। कोई घंटों तक बालों में तेल सोखने के लिए छोड़ देता है, तो कोई सिर धोने से थोड़ी देर पहले तेल लगाना पसंद करता है।
बालों को मजबूत और चमकदार बनाने के लिए सदियों से तेल लगाने की परंपरा चली आ रही है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बालों में बहुत लंबी अवधि तक तेल लगाकर रखना सचमुच किसी फायदे का सौदा है या इससे बालों को नुकसान पहुंचता है? आइए जानते हैं इस पर क्या कहते हैं विशेषज्ञ।
बालों की बनावट और पानी का असर
डर्मेटोलॉजिस्ट और एक्सपर्ट्स के मुताबिक हमारे बाल मुख्य रूप से ‘केराटिन’ नामक प्रोटीन से बने होते हैं। बालों की सबसे बाहरी परत बेहद सूक्ष्म कोशिकाओं से मिलकर बनती है जिनमें पानी सोखने की प्राकृतिक क्षमता होती है। जब बाल बार-बार पानी के संपर्क में आते हैं, तो ये कोशिकाएं फूल जाती हैं और सूखने पर सिकुड़कर वापस अपनी जगह पर आती हैं। यह प्रक्रिया अगर लगातार दोहराई जाए, तो बालों की अंदरूनी मजबूती धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगती है। इसी वजह से बाल आसानी से टूटने लगते हैं और दोमुंहे बालों की समस्या घेर लेती है।
नहाने से पहले तेल लगाना क्यों है ज्यादा असरदार?
विशेषज्ञों का मानना है कि शैंपू करने या बाल धोने से ठीक पहले तेल लगाना सबसे सही तरीका है। नहाने से कुछ मिनट पहले बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह तेल की मालिश करने से बालों के चारों ओर एक सुरक्षात्मक आवरण बन जाता है। यह आवरण बालों को जरूरत से ज्यादा पानी सोखने से रोकता है। इसके अलावा, शैंपू में मौजूद कठोर रसायन सीधे बालों की जड़ों और तंतुओं पर हमला नहीं कर पाते, जिससे बालों की नेचुरल नमी बरकरार रहती है और वे बेजान नहीं होते।
रातभर तेल लगाकर सोना क्या नुकसानदेह है?
बहुत से लोगों की यह आदत होती है कि वे रात को सोने से पहले सिर में तेल लगाते हैं और सुबह उठकर बाल धोते हैं। उनका यह सोचना होता है कि जितनी देर तेल रहेगा, बालों को उतना ही ज्यादा पोषण मिलेगा।
हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि यह तरीका हर किसी के बालों पर फिट नहीं बैठता। खासकर जिन लोगों की स्कैल्प नेचुरली बहुत ऑयली यानी तैलीय होती है, उनके लिए लंबे समय तक तेल रोके रखना परेशानी का सबब बन सकता है।
सफेद बालों से हैं परेशान, नींबू का ये सीक्रेट नुस्खा कर देगा कमाल; डाई लगाना भूल जाएंगे
हमारी त्वचा और सिर में प्राकृतिक रूप से एक सीबम नाम का तेल बनता है। जब इसके ऊपर बाहर से घंटों तक अतिरिक्त तेल जमा रहता है, तो सिर पर फंगस और बैक्टीरिया के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। इससे डैंड्रफ यानी रूसी, सिर में भयंकर खुजली और जलन जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। कुछ मामलों में स्कैल्प की यह गड़बड़ी बालों के तेजी से झड़ने की वजह भी बन जाती है। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि ज्यादा देर तक तेल लगाने से हर किसी को फायदा ही मिले।
तेल लगाने का सही वक्त और सही तरीका
विशेषज्ञ आमतौर पर यही सलाह देते हैं कि सिर धोने से करीब पंद्रह से तीस मिनट पहले तेल लगाना सबसे मुफीद रहता है। इतने कम वक्त में भी तेल बालों पर अपनी सुरक्षा परत बना लेता है और शैंपू के हानिकारक प्रभावों से उनकी रक्षा करता है। तेल लगाते वक्त हमेशा उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करनी चाहिए। इससे न केवल मानसिक तनाव कम होता है बल्कि सिर की त्वचा में खून का संचार यानी ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है।
सिर्फ तेल लगाने से नहीं रुकेंगे बाल
यह समझना भी बहुत जरूरी है कि केवल तेल लगा लेने भर से बालों का झड़ना पूरी तरह बंद नहीं हो सकता। बालों को अंदर से मजबूत और घना बनाने के लिए पौष्टिक और संतुलित आहार, भरपूर नींद, मानसिक तनाव से दूरी और सही हेयर केयर रूटीन अपनाना बेहद आवश्यक है।



