ट्रेन की चपेट से युवक की मौत: आत्महत्या की आशंका

मौत की खबर से परिजनों में मचा कोहराम

भरथना,इटावा। रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर सोमवार सुबह डाउन रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

मृतक की पहचान कस्बे के इंद्रा नगर निवासी शिवम कश्यप 28 पुत्र रामदास के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे रेलवे फाटक संख्या 20 के पास किलोमीटर संख्या 1136/12 पर इटावा से कानपुर की ओर जा रही 20434 जम्मू मेल ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन आने से पहले युवक डाउन रेलवे लाइन पर बैठा और टहलता हुआ दिखाई दिया था। ट्रेन को नजदीक आता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे आवाज लगाकर पटरी से हटने के लिए भी कहा, लेकिन वह ट्रैक से नहीं हटा और ट्रेन की चपेट में आ गया। ऐसे में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि,घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

परिजनों के मुताबिक, दिवाली की सुबह युवक घर से नाराज होकर निकल गया था। शिवम फेरी लगाकर आइसक्रीम बेचने का काम करता था और इसी के सहारे परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही पत्नी किरन समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर जीआरपी चौकी प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।

Related Articles

Back to top button