शिवपाल यादव ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

जसवंतनगर,इटावा। ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तृतीय दिवस का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नगला छत्ते की बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग में खो-खो और कबड्डी के फाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

खो-खो प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में बलैयापुर सरायभूपत की टीम विजेता तथा धरवार की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में धरवार की टीम ने विजेता का खिताब जीता,जबकि निलोई की टीम उपविजेता रही। जूनियर स्तर पर बालक वर्ग में यूपीएस धरवार की टीम विजेता और धनुआ की टीम उपविजेता रही। वहीं, बालिका वर्ग में धनुआ की टीम विजेता तथा धरवार की टीम उपविजेता रही।

कबड्डी प्रतियोगिता के उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में बलैयापुर सरायभूपत की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया,जबकि तिजौरा की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में भी सरायभूपत की टीम विजेता और तिजौरा की टीम उपविजेता रही। प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में निलोई की टीम विजेता तथा नगर क्षेत्र की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में बलैयापुर सरायभूपत की टीम विजेता और तिजौरा की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में विधायक शिवपाल सिंह यादव ने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना,आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका देवेंद्र कुमार,बलबीर सिंह,हरिओम,केशव, सत्यवीर,रोहित, निर्निमेष,अजीत,योगेंद्र और सत्यनारायण ने निभाई।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार,ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राजेश जादौन,ब्लॉक अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ जितेंद्र यादव,राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला महामंत्री विनोद यादव, देवेश राना,अतुल यादव, मुकेश यादव,अमरपाल यादव,मधुर श्रीवास्तव, आलोक चौहान, शशिभूषण यादव, राजवीर यादव,हरी कुमार,हरिमोहन राजपूत, नरेंद्र यादव,फुरखान, अरविंद कुमार,नितिन यादव,सारदेव,अभिषेक और सूर्यप्रकाश सहित रवि एवं समस्त बीआरसी स्टाफ ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button