गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए रोटरी क्लब की सेवा जारी

गाजियाबाद। “परोपकार करो, एहसान नहीं” के सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. अमित गुप्ता के मार्गदर्शन में गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित करने की मुहिम निरंतर जारी है। रेड क्रॉस गाजियाबाद की प्रेरणा से संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय नगर में पिछले पांच महीनों से यह सेवा कार्य किया जा रहा है।

विभिन्न रोटरी क्लबों के सहयोग से प्रत्येक माह चारों मातृत्व पोषण दिवस पर गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की जाती है। इस पहल के तहत प्रत्येक सेवा दिवस पर लगभग 150 गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली देकर उनके स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में 16 अक्टूबर को भी संयुक्त जिला चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में महिला विभाग के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और रेड क्रॉस की टीम ने विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की सेवा गतिविधियों का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं तक पोषण संबंधी सहायता पहुंचाना और मातृत्व स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है।

Related Articles

Back to top button