एलुमिनी रीयूनियन का सफल आयोजन

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ. रामा महाविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन, लखनऊ द्वारा आयोजित एलुमनी रीयूनियन–2026 का भव्य कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं भावनात्मक वातावरण के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन न केवल पूर्व छात्र-छात्राओं के लिए अपने सुनहरे छात्र जीवन की स्मृतियों को पुनर्जीवित करने का एक सशक्त माध्यम बना, बल्कि महाविद्यालय और उसके पूर्व विद्यार्थियों के बीच स्नेह, सहयोग एवं संवाद को और अधिक प्रगाढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न वर्षों के पूर्व छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रबंधक मनोज यादव तथा विशिष्ट अतिथि, निदेशक अभिषेक यादव एवं कुछ नोटेबल एलुमनी के करकमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के इस पावन क्षण ने ज्ञान, प्रकाश एवं प्रगति के मार्ग को आलोकित करने का संदेश दिया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्र-छात्राओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें वर्तमान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नृत्य, संगीत, नाटक एवं कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षा, समाज और जीवन के विभिन्न पहलुओं को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव भी उत्पन्न किया।

एलुमनी रीयूनियन का सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक भाग रहा – “अनुभव साझा सत्र”। इस सत्र में पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार महाविद्यालय ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई पूर्व छात्रों ने अपने करियर की यात्रा, संघर्ष, चुनौतियों एवं सफलताओं के बारे में विस्तार से बताया। पूर्व छात्रों के इन प्रेरणादायक अनुभवों ने वर्तमान विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। विद्यार्थियों ने भी उनसे विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस संवाद ने एक सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण किया, जिसमें ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान हुआ।

कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना वर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उत्कृष्ट पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। उन्हें स्मृतिचिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान के साथ मंच पर आमंत्रित किया गया। यह सम्मान उनके योगदान के प्रति संस्था की कृतज्ञता का प्रतीक था।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि अभिषेक यादव ने अपने संबोधन में कहा कि “एलुमनी मीट केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है जहाँ अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ जुड़ते हैं। यह हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि एवं प्रबंधक मनोज यादव ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि रामा महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक सक्षम, जिम्मेदार और सफल नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व छात्र हमारी पहचान हैं। उनकी सफलता हमारे लिए गर्व का विषय है। हम चाहते हैं कि हमारे एलुमनी देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक मनोज यादव ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल और यादगार बन सका।

Related Articles

Back to top button