पुतला दहन विवाद: कांग्रेसियों ने खोला मोर्चा, एसपी कार्यालय पर दिया धरना

सुजीत कुमार मऊ
मऊ। जिला कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी नेता का पुतला फूंकने के मामले को लेकर कांग्रेसी आर-पार के मूड में आ गए हैं। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की अगुवाई में पहुंचे कांग्रेसजनों ने बीते 13 अक्टूबर की घटना में शामिल भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मौके पर तमाशबीन बने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी देश के लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। बीते 13 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने आकर हमारे नेता का पुतला फूंका। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उस वक्त वहां पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने न तो भाजपाइयों को रोकने की कोशिश की और न ही कोई कार्रवाई की।”उन्होंने आगे कहा कि यदि राजनीतिक दलों के लिए कानून के अलग-अलग नियम होंगे, तो इससे पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठता है।
अगर किसी दूसरे दल के लोग ऐसा करते, तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती। कांग्रेस पार्टी इस दोहरे रवैये को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों पर मुकदमा दर्ज नहीं होता और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गाज नहीं गिरती, तब तक कांग्रेस पार्टी शांत नहीं बैठेगी। हम संविधान के दायरे में रहकर अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
कांग्रेसजनों ने एसपी कार्यालय में अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि 13 अक्टूबर की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पुतला दहन करने वाले भाजपा पदाधिकारियों के नाम दर्ज कर तुरंत एफआईआर लिखी जाए और ड्यूटी पर तैनात जिन पुलिसकर्मियों ने लापरवाही दिखाई, उनकी भूमिका की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन और धरने के दौरान भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सोहेल नोमानी, विजयभान तिवारी, उदयप्रताप राय, शिवाजी कन्नौजिया, मनोज गिहार, हफिजुरहमान अंसारी, शैलेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, रामकेश पटेल, प्रेमशिला, मंशा राजभर, महक पाण्डेय, साधना श्रीवास्तव, असलम, शाहिद फ़ारूक़ी, मक़सूद, सतीराम यादव, सचितान्द राय, अभिषेक यादव, और गुलाब यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।



