जीडीए की नीलामी में आवासीय, व्यावसायिक भूखंडों के साथ स्कूल, अस्पताल और ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट भी शामिल; आवेदन की अंतिम तिथि आज

गाजियाबाद। रिहायशी और व्यावसायिक संपत्ति खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने नीलामी का अवसर उपलब्ध कराया है। जीडीए की ओर से विभिन्न योजनाओं में जारी किए गए 60 से अधिक भूखंडों और अन्य संपत्तियों की नीलामी सात सितंबर 2026 को की जाएगी। इसमें इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, कोयल एन्क्लेव, कर्पूरीपुरम और ब्रिज विहार समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की संपत्तियां शामिल हैं।

नीलामी में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के अलावा दुकान, कन्वीनियेंट शॉपिंग, ग्रुप हाउसिंग, ओल्ड एज होम, सामुदायिक केंद्र, स्कूल और अस्पताल के लिए आरक्षित भूखंड भी रखे गए हैं।

जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार, इंदिरापुरम न्यायखंड-1 में 27 व्यावसायिक भूखंड नीलामी के लिए रखे गए हैं। वहीं इंदिरापुरम विस्तार के ब्लॉक-ए में 19 आवासीय और दो व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं की अन्य संपत्तियों को भी सामान्य श्रेणी की नीलामी में शामिल किया गया है।

आवेदन की अंतिम तिथि आज

नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आवेदकों के लिए ब्रोशर की बिक्री और पंजीकरण की अंतिम तिथि दो सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक लोग जीडीए की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन ब्रोशर एचडीएफसी बैंक, आरडीसी राजनगर से प्राप्त किया जा सकता है।

नीलामी में प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों की संपत्तियां शामिल होने के कारण जीडीए की इस योजना को लेकर संपत्ति खरीदने वालों में खासा उत्साह है।

Related Articles

Back to top button