हिंडन नदी घाट पर चला स्वच्छता अभियान, सांसद अतुल गर्ग ने दिया स्वच्छता का संदेश
डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता से किया जागरूक

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हिंडन नदी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाधान शक्ति सामाजिक संस्था और डीएवी पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान का नेतृत्व सांसद अतुल गर्ग ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान सांसद अतुल गर्ग ने स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिंडन नदी को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदी में कूड़ा-कचरा डालने से बचना चाहिए और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का महत्व समझाया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान में पूर्व महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान और विद्यालय की प्रधानाचार्य मोनिका मेनन की प्रमुख भूमिका रही।
इस अवसर पर पार्षद श्याम शर्मा, राजेंद्र मित्तल, अंकुर गोयल, प्रतीक माथुर, डीएन कौल, भूषण लाल, सुनील शर्मा, केशव सक्सेना, दिनेश माथुर, सुबोध भड़ाना, सुरेश तिवारी, मनीष मित्तल, हरीश गौड़, गुरदास पाल, रूपा मुखर्जी, सुमन सती, निशा चौहान, निशि त्यागी, पूनम पांडेय, नीति मेहरा, कुसुम गोसाईं, मंजू श्रीवास्तव, शैलजा सिन्हा, पद्मा गोसाईं, कमला रावत, मोनिका गुप्ता, सीता वर्मा और पीयूष भाट सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



