सीबीएसई नेशनल योग प्रतियोगिता में ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जीते सिल्वर मेडल

आराध्या त्यागी और अनिषका सिंह ने रिदमिक ग्रुप में हासिल की सफलता, विद्यालय में खुशी की लहर

गाजियाबाद। ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं आराध्या त्यागी और अनिषका सिंह ने सीबीएसई नेशनल योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। दोनों छात्राओं ने रिदमिक ग्रुप में बेहतर शारीरिक संतुलन, तालमेल और योगासनों की उत्कृष्ट प्रस्तुति से विद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक फरीदाबाद स्थित आशा ज्योति विद्यापीठ स्कूल में किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दोनों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किए।

विद्यालय की योग कोच प्रियंका पांडे ने बताया कि छात्राओं को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्रतिदिन चार से पांच घंटे अभ्यास कराया जाता है। उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के चलते यह सफलता मिली है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी योग और खेल गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने योग कोच प्रियंका पांडे के प्रयासों की भी सराहना की।

Related Articles

Back to top button