क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर महिला से 15 लाख की ठगी, ‘बिटकैपिटलएक्स’ स्कीम का 1500 करोड़ का महाघोटाला उजागर

गाज़ियाबाद। क्रिप्टोकरेंसी में दोगुना मुनाफा दिलाने के झांसे में आकर गाज़ियाबाद की एक महिला से 15 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह ठगी ‘बिटकैपिटलएक्स’ नामक फर्जी क्रिप्टो स्कीम के जरिए की गई, जिसने देशभर में हजारों निवेशकों को चूना लगाकर लगभग 1500 करोड़ रुपये का महाघोटाला किया है।

पीड़िता आरती (नाम गोपनीय) ने बताया कि गिरोह ने 60 दिनों में पैसा दोगुना करने का लालच देकर उन्हें निवेश करने के लिए उकसाया। शुरुआत में मामूली रिटर्न देकर भरोसा जीता गया और बाद में लाखों रुपये हड़प लिए गए।

‘बिटकैपिटलएक्स’ ने जून 2025 में खुद को एक “क्रांतिकारी क्रिप्टो प्रोजेक्ट” बताकर प्रचार शुरू किया था। मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) मॉडल के जरिए छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाया गया। गाज़ियाबाद समेत उत्तर भारत के कई शहरों में ऑनलाइन वेबिनार, स्थानीय इवेंट्स और सोशल मीडिया कैंपेन के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए फुसलाया गया।

पैसे की हेराफेरी के लिए फर्जी सिम कार्ड, म्यूल बैंक खातों और क्रिप्टो वॉलेट्स का इस्तेमाल किया गया, जिससे ट्रांजेक्शन ट्रेस करना मुश्किल हो गया।

आरती ने बताया, “कंपनी ने ‘बिटकैपिटलएक्स कॉइन’ को वैश्विक बाजार में लॉन्च होने का दावा किया, लेकिन न तो कोई रजिस्ट्री थी, न ही वैध लाइसेंस या रेगुलेटरी अप्रूवल।”

पीड़िता ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button