पंचायत चुनाव: पुलिस ने प्रधान-चौकीदारों संग बैठक कर दिए निर्देश

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना सभागार में शनिवार को ग्राम प्रधानों और ग्राम चौकीदारों के साथ आगामी ग्राम पंचायत चुनाव और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान व चौकीदार मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने की।
सीओ ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मजरा पहली सीढ़ी है, इसलिए सभी प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि गांव और आसपास के क्षेत्र में शांति व भाईचारे का माहौल बना रहे। यदि कहीं विवाद या समस्या उत्पन्न होती है तो उसे बढ़ावा देने के बजाय आपसी संवाद से सुलझाने का प्रयास करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से नहीं निपटाया गया तो कानून अपना मजबूती से काम करेगा।उन्होंने चौकीदारों को उनके दायित्वों के प्रति भी जागरूक किया। सीओ ने कहा कि चौकीदार गांव की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, इसलिए उन्हें हर गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखनी चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों, बाहरी लोगों की आवाजाही या किसी भी तरह के आपराधिक संकेत की तत्काल जानकारी पुलिस को देना उनकी पहली जिम्मेदारी है।थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बैठक में बताया कि चुनाव के दौरान या उससे पहले होने वाली छोटी-छोटी घटनाएं भी बड़ा रूप ले सकती हैं।
उन्होंने प्रधानों और चौकीदारों से अपील की कि पंचायत प्रतिनिधि होने के नाते वे अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था को बिगड़ने न दें।दोनों अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी को कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या दिखाई देती है तो वह तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारी को सूचित करे। बैठक में मौजूद सभी ग्राम प्रधानों और चौकीदारों ने अधिकारियों को सहयोग का भरोसा दिया।



