एनटीपीसी ऊंचाहार में गांधी जयंती एवं स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह संपन्न

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा के समापन समारोह का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात कार्यकारी निदेशक श्री बिस्व मोहन सिंह ने उपस्थित लोगों को महात्मा गांधी के प्रिय संदेशों एवं उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन और व्यवहार में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता एवं सेवा जैसे गांधीजी के आदर्शों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं प्रतिबद्धता के लिए उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए डी.के. साहू ने कहा कि महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान नेता हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके जीवन से हमें सादगी, ईमानदारी, स्वच्छता, देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बताया कि प्लांट परिसर में स्वच्छता को बनाए रखने एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न उपाय किए गए हैं।
कार्यकारी निदेशक ने स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए सभी से उनके जीवन-मूल्यों को अपने आचरण में उतारने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा के समापन समारोह के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। साथ ही ईवीएस (महामना मालवीय सेवा संस्थान) के बच्चों द्वारा तैयार की गई कपड़े की थैलियों का उद्घाटन किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत तथा महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी गई। इन प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशभक्ति, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर पीडीएलसी की प्रेसिडेंट रश्मि रेखा देवता, वाइस प्रेसिडेंट मीनाक्षी, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, एनटीपीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए स्वच्छता, सादगी, ईमानदारी, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।



