CJP संयोजक अभिजीत दीपके का ‘गुरु’ कौन, सामने आया वीडियो

Abhi Dheepke Mentor: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय संयोजक और संस्थापक अभिजीत दीपके के राजनीतिक कदमों की दिशा कौन तय करता है, वे संकट के समय किसकी सलाह लेते हैं और उनके राजनीतिक रणनीतिकार या मेंटर कौन हैं? इस पहेली से अब खुद पार्टी के शीर्ष नेताओं ने पर्दा उठा दिया है। एक हालिया वीडियो कॉल के जरिए यह बात सामने आई है कि दीपके के हर बड़े राजनीतिक फैसले के पीछे उनके पुराने साथी और पार्टी के प्रमुख नेता आजिंक्य शिंदे की अहम भूमिका रहती है, जिन्हें दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर आंदोलन को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का असली सूत्रधार भी माना जाता है।
वीडियो कॉल में खुला राज: दीपके के मेंटर हैं आजिंक्य शिंदे
अभिजीत दीपके, सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और आजिंक्य शिंदे के बीच हुई एक निजी वीडियो बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद यह पूरा घटनाक्रम चर्चा में आया है। बातचीत के दौरान आशुतोष रांका ने स्पष्ट शब्दों में खुलासा किया कि पार्टी के गठन से काफी पहले से ही आजिंक्य शिंदे अभिजीत दीपके के मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले दीपके और शिंदे के बीच का यह परिचय और राजनीतिक तालमेल वर्षों पुराना है। दिलचस्प बात यह है कि ये तीनों नेता राजनीति की मुख्यधारा में आने से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रह चुके हैं।
जंतर-मंतर प्रोटेस्ट का बैकस्टेज सच: रांका और दीपके ने खोला मोर्चा
वीडियो में आशुतोष रांका ने नीट पेपर लीक विवाद के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए बड़े प्रदर्शन में शिंदे की रणनीति का विस्तार से ब्योरा दिया। रांका ने कहा कि वे और दीपके मंच पर जाकर केवल मोर्चा संभालते थे या माहौल को हल्का करते थे, लेकिन असल में उस पूरे धरने की रीढ़ आजिंक्य शिंदे ही थे जिन्होंने बैकग्राउंड में रहकर पूरी व्यवस्था संभाली थी। इस पर दीपके ने भी मुहर लगाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पूरे देश से जुड़े वालंटियर्स की टीम तैयार करना, भीड़ का कुशल प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स संभालना पूरी तरह से शिंदे की मेहनत का नतीजा था। दीपके ने स्वीकार किया कि आंदोलन शुरू होने से पहले वे केवल मुट्ठी भर लोगों को जानते थे, लेकिन आजिंक्य ने ही देशव्यापी वालंटियर नेटवर्क खड़ा कर दिया। बातों-बातों में रांका ने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि शिंदे पार्टी के काम को लेकर इतने गंभीर रहते हैं कि वे दीपके को सोने तक नहीं देते।
‘जो भी रेप करे, उसे उसी दिन मार देना चाहिए….’, जमुई कांड पर बोले बिहार के बाहुबली
कौन हैं आजिंक्य शिंदे और सीजेपी संगठन में क्या है उनकी ताकत?
महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय रहे आजिंक्य शिंदे पूर्व में आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र युवा विंग के संयोजक रह चुके हैं और साथ ही उन्होंने गोवा के सह-प्रभारी के रूप में भी संगठन स्तर पर लंबा काम किया है। अब नई पार्टी सीजेपी में उन्हें राष्ट्रीय संगठन प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिंदे की कार्यशैली मुख्य रूप से पर्दे के पीछे रहकर पार्टी की व्यूहरचना तैयार करने, संगठन का विभिन्न राज्यों में विस्तार करने और अभिजीत दीपके को रणनीतिक सलाह देने की रही है। मीडिया की चकाचौंध से दूर रहकर जमीनी संगठन पर पकड़ बनाए रखने की आदत के चलते ही वे अब तक आम चर्चाओं से दूर रहे हैं, लेकिन सीजेपी के आंतरिक फैसलों में उनकी आवाज सबसे मजबूत मानी जाती है।



