खाते से पांच हजार रुपये निकले
छात्रा ने जताई धोखाधड़ी की आशंका

जसवंतनगर,इटावा। नगर निवासी इफरानाज ने वजीफे की राशि प्राप्त करने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की जसवंतनगर शाखा में खाता खुलवाया था। छात्रा के अनुसार, उसने खाते में करीब 3,500 रुपये जमा किए थे। इसके अलावा वजीफे की राशि भी खाते में आई थी। बाद में खाते से करीब पांच हजार रुपये की निकासी हो गई। छात्रा का कहना है कि उसने यह रकम नहीं निकाली।
रकम निकलने की जानकारी होने पर छात्रा ने बैंक से खाते का स्टेटमेंट मांगा, लेकिन आरोप है कि कर्मचारियों ने स्टेटमेंट देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने थाना प्रभारी कमल भाटी से शिकायत की। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिसकर्मी बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। छात्रा के मुताबिक, स्टेटमेंट देखने पर खाते में किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर और आधार संबंधी विवरण लिंक मिला। उसने खाते से हुई निकासी में धोखाधड़ी की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।



