पूर्व आईपीएस बबीता साहू बनीं राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की प्रदेश महिला अध्यक्ष

सुल्तानपुर। उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के राष्ट्रीय सम्मेलन में पूर्व आईपीएस अधिकारी बबीता साहू को राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश महिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर सुल्तानपुर में खुशी की लहर है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीसी गुप्ता की सलाह पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

बबीता साहू के मनोनयन पर राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के जिला अध्यक्ष श्याम बहादुर गुप्ता एवं महिला जिला अध्यक्ष सर्वेश साहू समेत जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जिला अध्यक्ष श्याम बहादुर गुप्ता ने कहा कि पूर्व आईपीएस अधिकारी बबीता साहू का प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता संगठन के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। वहीं महिला जिला अध्यक्ष सर्वेश साहू ने कहा कि एक अनुभवी महिला के नेतृत्व में महिलाओं को संगठन से जोड़ने और उनके अधिकारों एवं सम्मान के लिए काम करने को नई दिशा मिलेगी।

जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि बबीता साहू के प्रदेश महिला अध्यक्ष बनने से उत्तर प्रदेश में संगठन की महिला इकाई और अधिक मजबूत होगी। उनके नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा, स्वावलंबन, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

समाज के लोगों का मानना है कि पूर्व आईपीएस बबीता साहू के अनुभव और मजबूत नेतृत्व में प्रदेश की महिलाओं के उत्थान तथा सशक्तीकरण को नई गति मिलेगी। उनके मनोनयन को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और समाज को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सुल्तानपुर जिला कमेटी ने विश्वास जताया कि बबीता साहू अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हुए संगठन को प्रदेश स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Back to top button