पीपरीपुरा हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार

राहुल हत्याकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पीपरीपुरा में पुरानी रंजिश में 30 वर्षीय राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 10 घंटे के भीतर एक नामजद आरोपी रामाधार उर्फ अचंभे को गिरफ्तार कर लिया। मामले में चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है।

शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे राहुल कुमार को पीपरीपुरा जाने वाले रास्ते पर घेरकर तमंचे से गोली मार दी गई थी। गोली छाती में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए,जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी,दूसरी टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी और तीसरी टीम की कमान उपनिरीक्षक शुभम वर्मा को सौंपी गई है। टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश देने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं।

पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ अन्य कारणों की भी जांच कर रही है। मामले में ग्राम प्रधान की भूमिका को लेकर भी पुलिस पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में किसी को भी बाहर नहीं रखा गया है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button