अंडरपास में भारी जलभराव से पूरी तरह बाधित यातायात

स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते बच्चे

ऊँचाहार, रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए गए अंडरपास स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। बरसात के दिनों में इन अंडरपास में भारी जलभराव हो जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।

अंडरपास में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है इस बाबत ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव धनराज यादव ने इस गंभीर समस्या को लेकर एनएचएआई के परियोजना निदेशक रायबरेली को एक पत्र सौंपा है। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि पिपरहा बाईपास, खरौली रोड स्थित जमुनियाहार बाईपास, बटोही होटल बाईपास और सवैया तिराहा बाईपास सहित क्षेत्र के लगभग सभी अंडरपास में पानी भरने के कारण भारी असुविधा होती है। इन स्थानों पर पानी की समुचित निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

स्कूली बच्चों और आम जनता पर पड़ रहा असर

जलभराव की वजह से क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिनका समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

आंदोलन की दी चेतावनी

ऊँचाहार देहात के प्रधान व प्रधान संघ अध्यक्ष धनराज यादव ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो सभी पीड़ित और ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन के अधिकारियों की होगी। इस मामले की प्रतिलिपि लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button